संवाददाता – करण सिंह ठाकुर
छुईखदान। छत्तीसगढ़ कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आव्हान पर छुई खदान विकासखंड के समस्त विभाग के विभाग प्रमुख एवं अन्य कर्मचारियों ने आज तहसील कार्यालय प्रांगण में एक दिवसीय धरना प्रदर्शन किया। धरना प्रदर्शन कार्यक्रम में लगभग 1000 कर्मचारियों ने धरना स्थल पर अपनी उपस्थिति देकर आंदोलन को सशक्त एवं मजबूत बनाया। विदित है कि प्रदेश के कर्मचारियों को केंद्र के समान महंगाई भत्ता शेष 12% की मांग को लेकर अधिकारी कर्मचारी एक दिवसीय हड़ताल पर रहे। स्मरणीय है कि 2021 को छत्तीसगढ़ शासन से हुए वार्ता में पक्ष रखा गया था, जिस पर बाद में निर्णय लिए जाने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन राज्य शासन ने आज दिनांक तक निर्णय नहीं लिया है। इससे ऐसा स्पष्ट होता है कि राज्य शासन अपने कर्मचारियों के वेतन भुगतान में कटौती कर रही है जो कि मौलिक अधिकार का हनन है।
कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आव्हान पर केंद्रीय कर्मचारियों के समान 34% महंगाई भत्ता और सातवें वेतनमान के अनुरूप गृह भाड़ा भत्ता सहित अन्य कर्मचारी मांगों के लिए आज एक दिवसीय आंदोलन का सफल आयोजन किया गया। कर्मचारी अधिकारी फेडरेशन के आव्हान पर कर्मचारी 1 दिन की छुट्टी लेकर तहसील कार्यालय में सुबह 10:00 से एकत्रित होना शुरू कर दिए धीरे-धीरे कर्मचारियों की संख्या बढ़ती गई और संख्या 1000 तक पहुंच गई। दोपहर तक नारेबाजी चलती रही तत्पश्चात 2:00 बजे कर्मचारियों ने नगर भ्रमण कर अपनी मांगों के संबंध में समर्थन मांगा आंदोलनकारी कर्मचारियों ने अपने मांग पत्र का ज्ञापन माननीय अनुविभागीय अधिकारी छुईखदान को सौंप कर आंदोलन की समाप्ति की घोषणा की।
आंदोलन में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत छुईखदान राजस्व विभाग शिक्षा विभाग के सभी संगठन के शिक्षक पटवारी संघ के प्रतिनिधि लोक निर्माण विभाग जल संसाधन स्वास्थ्य विभाग वन विभाग कृषि विभाग पशु चिकित्सा उच्च शिक्षा मत्स्य विभाग नगरी निकाय गंडई छुई खदान के समस्त अधिकारी कर्मचारी ने आंदोलन में सम्मिलित होकर आंदोलन को सफल बनाया।