केन्द्रीय कृषि मंत्री ने इजराइल में कृषि कंपनियों का दौरा किया

देश/विदेश
Spread the love

केन्द्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर के नेतृत्व में इज़राइल की यात्रा पर गए कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय के एक प्रतिनिधिमंडल ने आज इज़राइल स्थित ग्रीन 2000 – एग्रीकल्चरल इक्विपमेंट एंड नो हाउ लिमिटेड और नेटाफीम लिमिटेड का दौरा किया। इजरायल के प्रतिनिधियों के साथ बातचीत के दौरान श्री तोमर ने कहा कि भारत और इजरायल के बीच कृषि के क्षेत्र में स्थापित संबंध भारतीय कृषि क्षेत्र को नए आयाम देंगे। हाल के वर्षों में, हमारे संबंध और अधिक मजबूत हुए हैं तथा दोनों ज्ञान-आधारित अर्थव्यवस्थाओं के बीच इस सहयोग का भावी दृष्टिकोण उच्च तकनीक की एक मजबूत साझेदारी के रूप में है।

श्री तोमर ने कहा कि भारत में इजराइल की ओर से मुख्य रूप से हाई-टेक डोमेन और कृषि के क्षेत्र में 300 से अधिक निवेश किए गए हैं। कृषिगत स्तर पर पानी के उपयोग संबंधी दक्षता को बढ़ाने, इनपुट संबंधी लागत को कम करने और अंततः किसानों की आय बढ़ाने में मदद करने की दृष्टि से सूक्ष्म सिंचाई महत्वपूर्ण है। नेटाफीम भारत की एक प्रमुख सूक्ष्म सिंचाई कंपनी है। देश में जमीनी स्तर पर सूक्ष्म सिंचाई और ड्रिप सिंचाई को अपनाने की दिशा में नेटाफीम के साथ भारत की अच्छी भागीदारी है।

केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर ने कहा कि सूक्ष्म सिंचाई को और अधिक गति देने के उद्देश्य से राष्ट्रीय कृषि और ग्रामीण विकास बैंक (नाबार्ड), भारत सरकार के साथ एक समर्पित सूक्ष्म सिंचाई कोष की स्थापना की गई है ताकि राज्यों को सूक्ष्म सिंचाई की कवरेज बढ़ाने के लिए अतिरिक्त संसाधन जुटाने में मदद मिल सके।

केन्द्रीय मंत्री श्री तोमर 10 मई को कृषि अनुसंधान संगठन, वोल्कानी एवं नेगेव मरुस्थलीय क्षेत्र में भारतीय सब्जियों का उत्पादन करने वाले भारतीय मूल के किसानों के स्वामित्व वाले डेजर्ट फार्म का दौरा करेंगे। श्री तोमर ऑल्टा प्रिसिजन एग्रीकल्चर कंपनी लिमिटेड द्वारा ड्रोन के उपयोग के प्रदर्शन का भी निरीक्षण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *