फोटो- महंत राजा दिग्विजय दास
संवाददाता – हफीज़ खान
राजनंदगांव 23 जून 2022। राजनांदगांव शहर का नाम यहां के महंत राजा दिग्विजय दास के नाम पर दिग्विजय नगर करने की मंशा को लेकर दिग्विजय नगर समिति द्वारा सर्व समाज की बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक में सभी ने नामकरण को लेकर अपने-अपने विचार व्यक्त किए।
राजनांदगांव शहर को बसाने के लिए यहां के राजा दिग्विजय दास का अहम योगदान है उन्होंने राजनांदगांव के विकास को लेकर कई कार्य किये हैं, जिसे देखते हुए राजा दिग्विजय दास को श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से यहां के नागरिकों ने दिग्विजय नगर समिति का निर्माण किया और राजनांदगांव का नाम दिग्विजय नगर करने के लिए जन समर्थन, सहयोग और सुझाव लेने के लिए कार्यक्रम का आयोजन किया। इस अवसर पर सर्व समाज की बैठक का आयोजन किया गया। जहां राजनांदगांव को दिग्विजयनगर करने को लेकर लोगों ने अपने-अपने विचार व्यक्त किए।आयोजन को लेकर दिग्विजय नगर समिति के पदाधिकारी संजय बहादुर सिंह और दुष्यंत दास का कहना है कि दिग्विजयनगर नामकरण करने से राजा दिग्विजय दास को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। इसके लिए पूरे शहर का समर्थन लिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आज की बैठक में सभी की सहमति दिखाई देती है।
राजनांदगांव का नाम दिग्विजय नगर किए जाने को लेकर आयोजित इस बैठक में सभी ने बारी-बारी से सभी ने अपने सुझाव रखे। बैठक में गणमान्य नागरिकों के साथ महापौर हेमा देशमुख भी शामिल हुई। इस दौरान महापौर ने कहा कि लोग चाहते हैं कि राजनांदगांव का नाम दिग्विजय नगर हो। उन्होंने कहा कि जनता जो चाहती है वही होगा।
राजनांदगांव को पहले नंदगांव के नाम से जाना जाता था , इसके बाद इसे राजनांदगांव कर दिया गया। वहीं कुछ वर्षों पूर्व से राजनांदगांव को दिग्विजय नगर किए जाने की मांग उठ रही थी, वहीं अब इस मांग पर समिति का निर्माण कर शहर के लोगों ने यहां के महंत राजा दिग्विजय दास को उनका नगर समर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि देने के उद्देश्य से राजनांदगांव को दिग्विजय नगर किए जाने की मांग करते हुए जन समर्थन, सहयोग और सुझाव लेने की शुरुआत कर दी गई है। इस बैठक के दौरान बड़ी संख्या में समाजसेवी, साहित्यकार, जनप्रतिनिधि और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।