संवाददाता – करण सिंह ठाकुर
छुईखदान। छत्तीसगढ़ अधिकारी/ कर्मचारी फेडरेशन रायपुर के प्रदेश व्यापी तृतीय चरण के 25/07/2022 से 29/07/2022 तक पांच दिवसीय क्रमिक हड़ताल के आज प्रथम दिवस में छुई खदान विकास खंड के समस्त विभाग के सैकड़ों कर्मचारियों ने आंदोलन में शामिल होकर राज्य सरकार के खिलाफ हुंकार भरी।
विदित है कि प्रदेश के लाखों अधिकारी कर्मचारियों को केंद्र के समान देय तिथि से महंगाई भत्ता एवम सातवें वेतनमान के अनुसार
गृह भाड़ा भत्ता देने संबंधी आंदोलन में आंदोलित हैं।इसी क्रम में छुई खदान विकास खंड के सैकड़ों अधिकारी कर्मचारी तहसील प्रांगण में अपनी उपस्थिति देकर आंदोलन में प्राण फूंक रहे हैं।
छुई खदान के तहसील प्रांगण में धरना स्थल पर विकास खंड शिक्षा अधिकारी जी सुधाकर, बीआरसी सतीश श्रीवास्तव , सीताराम पाल , दीपक तिवारी ने सर्वप्रथम मां सरस्वती के तैलचित्र में माल्यार्पण कर पूजा अर्चना करते हुए राज्य गीत अरपा पैरी के धार और राष्ट्रीय गीत वन्देमातरम से आंदोलन प्रारंभ किया। कार्यक्रम का आगाज तुलेश्वर कुमार सेन ने शंख नाद करके किया|
कार्यक्रम के संयोजक बीआरसी सतीश श्रीवास्तव ने पूरे कार्यक्रम को कैसे संचालित करना है, आप सभी लोगों की क्या क्या भूमिका हो सकती है, उन पर विस्तार से अपनी बात रखी। उसके बाद शिक्षक संघ की ओर से पन्ना लाल जंघेल ने अपनी हक और अधिकार की बात कही और कहां की समय समय पर मिलने वाली डी ए और सातवें वेतनमान हमारा अधिकार है, और इनसे वंचित करना समझ से परे है। आज तक की सर्विस में इस तरह की पहली घटना है, जो डी ए के लिए आंदोलन करना पड़ रहा है। आज के कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिनमें प्रमुख रूप से सतीश श्रीवास्तव बीआरसी, पन्ना लाल जंघेल शिक्षक संघ अध्यक्ष, उमेश साहू, जय नारायण तिवारी, स्वास्थ्य विभाग से जय किशन महोबिया, रघुवीर तिवारी राजस्व विभाग, दिनेश सिंह बैस व्याख्याता, कौशल श्रीवास्तव फेडरेशन सहायक शिक्षक ब्लाक अध्यक्ष, श्रीमती सरस्वती बघेल महिला एवम बाल विकास विभाग, ने अपने ओजस्वी उद्बोधन में 34 प्रतिशत डी ए और एच आर की मांग शासन से करते हुए आंदोलन को मजबूती प्रदान करने का आह्वान किया |
दोपहर एक से तीन बजे के बीच भारी बारिश हुई उसके बाद भी सभी लोग पंडाल में अपनी उपस्थिति प्रदान करते रहे और राज्य सरकार के खिलाफ नारे बाजी करते नजर आए।
आंदोलन सुबह 11 बजे से प्रारंभ हुआ और शाम 4 बजे राष्ट्र गान के साथ समाप्त करने की घोषणा की गई।अध्यक्ष जितेंद्र बघेल, संरक्षक गिरेंद्र सुधाकर विकास खंड शिक्षा अधिकारी, दीपक तिवारी ,संयोजक सतीश श्रीवास्तव,सह संयोजक वीरेन्द्र जंघेल, संगठन मंत्री कृष्णा गोटे, धनीराम दड़सेना, प्रवक्ता तुलेश्वर कुमार सेन, सूरज निषाद,मीडिया प्रभारी कौशल श्रीवास्तव के साथ आंदोलन में सैकड़ों अधिकारी/ कर्मचारियों ने भाग लिया।कार्यक्रम का संचालन सहायक शिक्षक तुलेश्वर कुमार सेन ने किया।.