समर्थन मूल्य पर धान खरीदी की हुई शुरुआत, प्रशासनिक व्यवस्थाओं से किसानों ने जताई संतुष्टि

छत्तीसगढ़
Spread the love

संवाददाता – हफीज़ खान

राजनांदगांव 01 नवम्बर।  जिले में 1 नवंबर से समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी की शुरुआत हो चुकी है, धान खरीदी के प्रथम दिन धान बेचने किसानों में उत्साह नजर आया। वहीं धान खरीदी के लिए की गई प्रशासनिक तैयारी से किसानों ने संतुष्टि जताई है।
फोटो- अमित चटर्जी 

छत्तीसगढ़ शासन द्वारा 1 नवंबर राज्य उत्सव के अवसर पर समर्थन मूल्य पर किसानों से धान खरीदी की शुरुआत की गई है। राजनांदगांव जिले के विभिन्न धान खरीदी केंद्रों में किसान अपना धान बेचने सुबह से ही पहुंचने लगे हैं, तो वहीं कुछ किसान व्यवस्थाओं का जायजा लेने और धान बिक्री के लिए टोकन लेने पहुंचे। राजनांदगांव शहर के समीप ढाबा सोसाइटी में धान बेचने पहुंचे किसानों का तिलक लगाकर स्वागत किया गया।

इस सोसाइटी में किसान बलदेव राम साहू ने 20 क्विंटल धान बेचकर धान खरीदी के शुरुआत की। इस दौरान कुछ किसान टोकन लेने भी पहुंचे और धान खरीदी को लेकर की गई व्यवस्थाओं का किसानों ने जायजा भी लिया। धान बिक्री के लिए पहुंचे किसानों ने प्रशासनिक स्तर पर की गई व्यवस्था को लेकर संतुष्टि जताई और धान बिक्री करने में किसी भी प्रकार की दिक्कत नहीं होने की बात कही।

धान खरीदी से सोसाइटी प्रबंधकों के द्वारा स्वयं को अलग रखने के बाद प्रशासनिक स्तर पर धान खरीदी को लेकर व्यापक व्यवस्था की गई, ताकि किसानों को धान बिक्री करने में किसी भी प्रकार की दिक्कत ना हो। कई केंद्रों में धान खरीदी का जिम्मा डाटा एंट्री ऑपरेटर ही संभाल रहे हैं। शहर के ढाबा सोसाइटी में भी डाटा एंट्री ऑपरेटर केन्चु पटेल ने जिम्मा संभाला हुआ है। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रशासनिक स्तर पर किसानों का धान खरीदने के लिए सभी प्रकार की व्यवस्थाएं की गई है और आज से धान खरीदी की जा रही है।

शासन-प्रशासन के द्वारा धान खरीदी को लेकर व्यापक व्यवस्था फिलहाल धान खरीदी केंद्रों में दिखाई दे रही है। यहां शुरुआती तौर पर धान खरीदी के लिए पर्याप्त बारदाना भी उपलब्ध है, तो वहीं धान बेचने वाले किसानों की सुविधा के लिए उन्हें टोकन भी जारी किया जा रहा है, जिससे सुचारू रूप से धान खरीदी की जा रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *