हफीज़ खान
खैरागढ़ के चुनावी संग्राम में भाजपा और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आम सभाओं के जरिए मतदाताओं को साधने में लगे हुए और अपने-अपने पार्टी के पक्ष में चुनाव प्रचार कर रहे हैं। इसी कड़ी में शुक्रवार को भारतीय जनता पार्टी के स्टार प्रचारक मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वनांचल क्षेत्र साल्हेवारा और गंडई में चुनावी आम सभाओं को संबोधित किया। इस दौरान शिवराज सिंह चौहान ने छत्तीसगढ़ प्रदेश की भूपेश बघेल सरकार को कई मुद्दों पर घेरा। शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि छत्तीसगढ़ प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बने लगभग साढे़ 3 साल का वक्त होने को है। डॉ रमन सिंह के नेतृत्व में जो विकास की गंगा यहां बह रही थी वह विकास ठप हो गया है, कोई नया विकास कार्य नहीं हो रहा है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेसी की भूपेश बघेल सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि यहां केंद्र की योजनाओं को सही क्रियान्वयन नहीं किया गया और गरीबों का हक छीन लिया गया। शिवराज सिंह चौहान ने प्रदेश की भूपेश बघेल पर जुबानी हमला करते हुए कहा कि जनता उन्हें इस उपचुनाव में माफ नहीं करेगी।