संवाददाता – हफीज़ खान
देश-प्रदेश की खुशहाली और समृद्धि की श्रद्धालुओं ने की प्रार्थना
राजनांदगांव 26 जून 2022। जीवनदायिनी नदियों को सहेज कर जल को बचाने की दिशा में कार्य करते हुए आज राजनांदगांव शहर के मोहारा स्थित शिवनाथ नदी के तट पर शिवगंगा महाआरती की 49 वीं कड़ी का आयोजन विधि विधान के साथ महाआरती पश्चात संपन्न हुआ। इस आयोजन में उपस्थित होकर श्रद्धालुओं ने नदियों के संवर्धन और जल संरक्षण का संकल्प लिया और इस वर्ष अच्छी बारिश व किसानों के लिए धान की बेहतर फसल होने की कामना की।

आराध्य शिक्षण संस्था एवं सेवा समिति, शिवगंगा महाआरती समिति व द ट्रायो परिवार की टीम के द्वारा राजनांदगांव शहर के मोहारा स्थित शिवनाथ नदी के तट पर जल संरक्षण, नदियों के संवर्धन सहित पर्यावरण सुरक्षा का संदेश को लेकर शिव गंगा महाआरती की 49 वीं कड़ी का आयोजन संपन्न किया गया। इस आयोजन में पंडित अनिल तिवारी ने भगवान भोलेनाथ और मां गंगा की महाआरती कराई और उपस्थित श्रद्धालुओं ने देश-प्रदेश की समृद्धता और खुशहाली एवं इस वर्ष अच्छी बारिश और किसानों के लिए धान की बेहतर फसल होने की कामना की। शिव गंगा महाआरती के 49 वीं कड़ी के आयोजन में उपस्थित श्रद्धालुओं ने देश में प्रदूषित होती नदियों को लेकर चिंता जताई, वहीं सब के सहयोग से नदियों के संरक्षण और संवर्धन को लेकर कार्य किए जाने के लिए लोगों को प्रेरित करने विभिन्न माध्यमों से अभियान चलाने के बात कही। राजनांदगांव की जीवनदायिनी शिवनाथ नदी के तट पर प्रति माह के प्रदोष तिथि पर शिवगंगा महाआरती का निरंतर आयोजन किया जा रहा है। महाआरती समिति के संस्थापक आलोक शर्मा ने नदियों के संरक्षण, संवर्धन की जागरूकता के लिए इसे धार्मिक भावनाओं से जोड़ने महाआरती की शुरुआत की है। विगत 4 वर्षों से शिवगंगा महाआरती का निरंतर आयोजन किया जा रहा है, जिसमें उपस्थित होकर श्रद्धालु भगवान भोलेनाथ और मां गंगा की आरती करते हैं। प्रदोष तिथि पर नदी के किनारे आरती करने का धार्मिक महत्व भी है। वहीं महाआरती के माध्यम से लोगों को जोड़कर पर्यावरण संरक्षण की दिशा में और नदियों के संवर्धन के साथ जल बचाने प्रेरित किया जाता है। यही वजह है कि इस महाआरती में लोग निरंतर जुड़ते जा रहे हैं। महाआरती स्थल पर प्रत्यक्ष और सोशल नेटवर्किंग साइट के जरिए अप्रत्यक्ष जुड़कर इस शिवगंगा महाआरती के उद्देश्य को सफल करने की दिशा में जन जागरूकता के लिए कार्य कर रहे हैं। शिव गंगा महाआरती की इस 49वीं कडी़ में सिंदई, मोहड़, मोहारा सहित राजनांदगांव शहर के विभिन्न वार्ड के श्रद्धालु शामिल हुए।
