संवाददाता – हफीज़ खान
राजनांदगांव 14 दिसम्बर । शहर के इंदिरा नगर कचरा संग्रहण केन्द्र एसएलआरएम सेंटर में बीते 4 दिनों से ताला लगाए जाने के चलते यहां लगभग 20 महिलाओं का कार्य बंद हो गया है और लोगों के घर से कचरा कलेक्शन नहीं हो रहा है। जिसके चलते सड़क पर कचरा बिखरा हुआ है और स्वच्छता ताक पर रख दी गई।
बीते दिनों राजनांदगांव शहर के इंदिरा नगर एसएलआरएम सेंटर की महिलाओं ने यहां के सेंटर सुपरवाइजर संगीता साहू के स्थानांतरण का विरोध किया था और कचरा संग्रहण केंद्र में आने वाले कबाड़ सामान की बिक्री अपने अनुसार करने की मांग की थी, जिस पर नगर निगम द्वारा इन महिलाओं की नहीं सुनी गई। उल्टे इस कचरा संग्रहण केंद्र में ताला जड़ दिया गया।
बीते 4 दिनों से कचरा संग्रहण केंद्र में ताला लगे होने के चलते लगभग 20 महिलाओं की रोजी-रोटी ठप पड़ी हुई है । वहीं डोर- टू -डोर कचरा कलेक्शन भी नहीं हो पा रहा है। जिसके चलते 4 वार्ड का कचरा सड़क पर नजर आने लगा है। कचरा संग्रहण केंद्र में ताला लगने के मामले को लेकर महिलाओं ने कहा कि कबाड़ सामान लेने वाले ठेकेदार आयुष ठाकुर ने यहां ताला लगा दिया है। महिलाओं ने शासन-प्रशासन से सेंटर का ताला खुलवाने की अपील की है।
लगभग 4 दिनों से कचरा संग्रहण केंद्र में ताला लगने के चलते महिलाएं डोर-टू-डोर कचरा कलेक्शन नहीं कर पा रही हैं। ऐसे में लोग अपने घर का कूड़ा बाहर फेंक रहे हैं। जिससे कचरा सड़क पर दिखाई देने लगा है। महिलाओं की रोजी-रोटी ठप्प पडी़ है। सेंटर में लगाए गए ताले को खोलने के लिए सभी से गुहार लगाकर थक चुकी महिलाओं ने आज कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के दौरान शहर कांग्रेस अध्यक्ष एवं भारत जोड़ो यात्रा के विधानसभा प्रभारी कुलबीर सिंह छाबड़ा को एक ज्ञापन सौंपकर अपनी पीड़ा बताई है। जिस पर कुलबीर सिंह छाबड़ा ने कहा है कि वह महिलाओं की समस्या को प्रदेश के मुखिया तक पहुंचाएंगे।
महिलाएं रोज की तरह सुबह इंदिरा नगर एसएलआरएम सेंटर पहुंचती है और यहां ताला लगा देख बाहर ही बैठ जाती हैं। इस सेंटर में लगभग 20 महिला कर्मचारी है जिनका कार्य सेंटर में ताला लगने की वजह से 4 दिनों से बंद है। यानि 20 परिवारों की जीवका प्रभावित हो रही है। ऐसे में उनको आर्थिक समस्या का सामना भी करना पड़ रहा है। इंदिरा नगर कचरा संग्रहण केंद्र में ताला लगे होने की जानकारी नगर निगम के पास भी है।
इसके बावजूद इस सेंटर का ताला खोलने की ओर पहल नहीं की जा रही है। महिलाओं ने आरोप लगाया है कि कबाड़ सामान लेने वाले ठेकेदार ने यहां ताला लगाया है और वह महिलाओं को धमकी भी देते हैं। बहरहाल इस पूरे मामले में नगर निगम की खामोशी के चलते महिलाओं को सफर करना पड़ रहा है।