संवाददाता – हफीज़ खान
राजनांदगांव 09 जुलाई 2022/ राजनांदगांव शहर के एक निजी होटल में कांग्रेस पार्टी के द्वारा जनहित में लिए गए संकल्पों को जन-जन तक पहुंचाने नव संकल्प शिविर का आयोजन किया गया। जिसमें छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी चंदन यादव सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए।
राजस्थान के उदयपुर में आयोजित अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के चिंतन शिविर में पारित हुए विषयों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर जिला और शहर स्तरीय नव संकल्प शिविरों का आयोजन देशभर में किया जा रहा है। इसी के तहत आज राजनांदगांव शहर में प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मोहन मरकाम और प्रदेश कांग्रेस महामंत्री अरुण सिसोदिया के मार्गदर्शन एवं राजनांदगांव शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा के नेतृत्व में नव संकल्प शिविर का आयोजन किया गया। नव संकल्प शिविर में आगामी 2023 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं की भूमिका किस तरह होगी उन्हें किस तरह अपने दायित्वों का निर्वहन करना होगा यह भी बताया गया।
कांग्रेस पार्टी के नव संकल्प शिविर के आयोजन पर कांग्रेस पार्टी की विचारधाराओं को, भारत की एकता और अखंडता की दिशा में किए जा रहे कार्यों, जनहित के मुद्दों, महंगाई, देश में शांति भाईचारा का वातावरण वापस लाने सहित अन्य कई विषयों को जन जन तक पहुंचाने कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित किया गया। इस संकल्प शिविर को लेकर छत्तीसगढ़ कांग्रेस प्रभारी एवं अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के सचिव डॉ. चंदन यादव ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के चिंतन शिविर में जो विषय पारित हुए हैं उन्हें मजबूती के साथ जनता तक पहुंचाने की दिशा में जिला और शहर स्तर पर नव संकल्प शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हर समय देश की एकता और अखंडता के लिए काम करती है। कांग्रेस पार्टी की विचारधारा देश को जोड़ने वाली है। वहीं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महामंत्री एवं राजनांदगांव कांग्रेस प्रभारी अरुण सिसोदिया ने कहा कि देश में शांति और भाईचारा वापस लाने सहित भारत जोड़ों यात्रा, तिरंगा यात्रा जैसे विषयों से कार्यकर्ताओं को अवगत कराते हुए कांग्रेस के जनहित की विचारधारा को लोगों तक पहुंचाने नव संकल्प शिविर का आयोजन किया गया है।
राजनांदगांव शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा के नेतृत्व में आयोजित इस नव संकल्प शिविर में कार्यकर्ताओं को आगामी चुनाव की तैयारी सहित कांग्रेस के संकल्पों को लेकर बताया गया कि, चिंतन शिविर में लिए गए संकल्पों को पूरा करने कार्यकर्ताओं की किस तरह से भूमिका होगी। शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष कुलबीर सिंह छाबड़ा ने कहा कि संकल्प शिविर से मिले प्रशिक्षण के माध्यम से कांग्रेस पार्टी के संकल्पों को पूरा करने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
कांग्रेस के नव संकल्प शिविर में स्थानीय मुद्दों पर भी चर्चा की गई वही, संगठन को और मजबूत करने की दिशा में किस तरह से काम किया जा सकता है इस दिशा में भी वरिष्ठ और नौजवान कार्यकर्ताओं की राय ली गई। कांग्रेस के नव संकल्प शिविर में बताया गया कि कांग्रेस पार्टी सभी क्षेत्रों और वर्गों के विकास की दिशा में किस तरह से काम कर रही है और इस कार्य को मिलकर मजबूती के साथ आगे बढ़ाना है। वहीं आजादी की 75 वीं वर्षगांठ के मौके पर 75 किलोमीटर की पदयात्रा को लेकर भी जानकारी दी गई।