भ्रष्टाचार के मामले को लेकर जनता कांग्रेस ने किया पीडब्ल्यूडी का घेराव

छत्तीसगढ़
Spread the love

संवाददाता- हफीज़ खान 
राजनांदगांव 07 अक्टूबर।  लोक निर्माण विभाग में भ्रष्टाचार के लगातार आरोप लगते रहते हैं, लेकिन विभिन्न राजनीतिक दलों के द्वारा धरना प्रदर्शन आंदोलन के बाद भी भ्रष्ट ठेकेदार और अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती है। सड़कों में भ्रष्टाचार के एक और मुद्दे को लेकर आज जनता कांग्रेस ने लोक निर्माण विभाग का घेराव कर ठेकेदार और एसडीओ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।


राजनांदगांव जिले के खुज्जी विधानसभा क्षेत्र में गुंडरदेही- उमरवाही-गोडालवाही, मटिया-करमरी सड़कों की पेच रिपेयरिंग के नाम पर किए गए लाखों रूपये के भ्रष्टाचार के मामले को लेकर आज छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस के प्रदेश महासचिव एवं कोर कमेटी सदस्य नवीन अग्रवाल के नेतृत्व में लोक निर्माण विभाग का घेराव किया गया। इस दौरान पूर्व सूचना देने के बाद भी लोक निर्माण विभाग के कार्यपालन अभियंता देवेंद्र नेताम नदारद रहे, जिस पर जनता कांग्रेस के पदाधिकारी और कार्यकर्ता लोक निर्माण विभाग के गेट पर ही बैठ गए, इस दौरान उन्होंने अधिकारी को मौके पर बुलाने की बात कही लेकिन अधिकारी नहीं पहुंचे। तब जनता कांग्रेस ने सब इंजीनियर को अपना ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग की है।

जनता कांग्रेस के प्रदेश महासचिव नवीन अग्रवाल ने कहा कि एसडीओ अहमद नवाज दानिश और नंदनी कंट्रक्शन के ठेकेदार द्वारा साठगांठ करते हुए सड़क निर्माण कार्य में भ्रष्टाचार किया गया है, उन्होंने कहा कि इस मामले में सारे साक्ष्य होने के बाद भी विभाग द्वारा कार्रवाई नहीं की जा रही है।

छत्तीसगढ़ जनता कांग्रेस द्वारा भ्रष्टाचार के मुद्दे को लेकर ज्ञापन सौंपने के दौरान लोक निर्माण विभाग के हेड क्वार्टर सब इंजीनियर राजशेखर मेश्राम ने कहा कि इस मामले की जांच कर कार्रवाई किए जाने उच्च अधिकारियों तक ज्ञापन भेजा जाएगा।

लोक निर्माण विभाग का घेराव करते हुए जनता कांग्रेस ने सड़क निर्माण पेच रिपेयरिंग कार्य में लाखों रुपए का भ्रष्टाचार किए जाने का आरोप लगाया है और इस मामले में त्वरित जांच कर दोषी एसडीओ और ठेकेदार के खिलाफ एफआईआर कर कार्रवाई की मांग की गई है। वहीं 10 दिनों के भीतर कार्रवाई नहीं होने पर लोक निर्माण विभाग के खिलाफ उग्र आंदोलन किए जाने की चेतावनी भी दी है। इस प्रदर्शन के दौरान जनता कांग्रेस के जिलाध्यक्ष शमशुल आलम सहित बड़ी संख्या में जनता कांग्रेस के कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *